भोपाल: राजधानी में ट्रैफिक जाम और सड़क सुरक्षा की बढ़ती चिंताओं के चलते प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। 20 जून 2025 से भोपाल की मुख्य सड़कों पर ई-रिक्शा (E-Rickshaws) को चलने की अनुमति नहीं होगी। ये अब केवल रिहायशी क्षेत्रों, कॉलोनियों और फीडर लेन तक सीमित रहेंगे।
ट्रायल के तौर पर लागू होगा फैसला
यह निर्णय शुरुआत में 10 दिन के ट्रायल के रूप में लागू किया जाएगा, यानी 20 जून से 30 जून तक। ट्रायल के आधार पर 27 जून को समीक्षा बैठक में आगे की नीति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यह कदम ट्रैफिक को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
किन सड़कों पर नहीं चलेंगे ई-रिक्शा?
- वीआईपी रोड (VIP Road)
- हबीबगंज रेलवे स्टेशन मार्ग
- होशंगाबाद रोड
- लिंक रोड नंबर 1 और 2
- मुख्य चौराहे और व्यस्त बाजार क्षेत्र
प्रशासन के अनुसार, E-Rickshaws धीमी गति से चलते हैं, बार-बार रुकते हैं, अधिक सवारी और सामान लादते हैं जिससे ट्रैफिक में बाधा उत्पन्न होती है। यह स्थिति एम्बुलेंस और वीवीआईपी मूवमेंट में भी अड़चन पैदा करती है।
11,000 अवैध ई-रिक्शा हटेंगे
भोपाल में लगभग 11,000 से अधिक ई-रिक्शा अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं, जिनके पास वैध परमिट नहीं हैं। ऐसे E-Rickshaws चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इन्हें मुख्य सड़कों से हटाया जाएगा। साथ ही, जो ई-रिक्शा यात्री वाहन की जगह मालवाहन के रूप में उपयोग हो रहे हैं, उन पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
अतिरिक्त ट्रैफिक सुधार कदम
- 42 प्रमुख चौराहों की पहचान कर वहाँ लेफ्ट टर्न को आसान बनाया जाएगा।
- सड़कों से अवैध पार्किंग और छोड़े गए वाहन हटाए जाएंगे।
- मानसून से पहले ड्रेनेज सुधार और अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाएगा।
हर ख़बर, हर पल — सिर्फ़ देशहरपल पर!
