राजस्थान के दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में एक 6 महीने की मासूम बच्ची की मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है। मां गीता देवी ने पति राजेंद्र प्रजापति पर नशे में बच्ची को दीवार से पटककर मारने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। यह घटना गुरुवार सुबह सामने आई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
बच्ची को पिता ने नशे में दीवार पर पटका: मां का आरोप
कोलवा थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृत बच्ची की पहचान परी (6 माह) के रूप में हुई है। गीता देवी का कहना है कि बुधवार रात पति राजेंद्र शराब के नशे में था। आपसी झगड़े के बाद उसने गुस्से में आकर बच्ची को दीवार पर फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
झगड़े के बाद मां घर छोड़कर गई थी, बच्ची पिता के पास थी
परिजनों के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते गीता देवी बुधवार रात अपनी बड़ी बेटी को लेकर घर से बाहर चली गई थी। इस दौरान परी अपने पिता राजेंद्र के पास थी। गुरुवार सुबह जब गीता घर लौटी, तो बच्ची मृत अवस्था में पड़ी मिली।
जांच में जुटी एफएसएल टीम, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि बच्ची के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। लेकिन मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को दौसा से बुलाया गया है, जो मौके पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शराब का आदी है आरोपी, पहले भी करता था झगड़े
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजेंद्र शराब पीने का आदी है और अक्सर घर में नशे की हालत में मारपीट करता था। पति-पत्नी के बीच पहले से ही लंबे समय से विवाद चल रहा था। दंपती की तीन बेटियां हैं।
राजेंद्र के भाई ने दी सफाई
राजेंद्र के बड़े भाई गिरिराज ने बच्ची का शव हॉस्पिटल में पहुंचाया और बताया कि “मुझे दोनों के बीच झगड़े की कोई जानकारी नहीं थी। मैं करीब 100 मीटर दूर दूसरे मकान में रहता हूं।”
🔗 Permalink(www.deshharpal.com): dausa-baby-murder-father-accused-koalwa-police-investigation
