भोपाल के गांधी नगर में राखी के दिन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। रायसेन में यह खबर सुनकर दादी की भी मौत हो गई। जानें पूरी घटना।
भोपाल। रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार को भोपाल के गांधी नगर में एक दर्दनाक हादसे ने मातम में बदल दिया। शनिवार रात हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर सुभाष सेन (20) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर रायसेन जिले के नूरगंज गांव पहुंची तो सदमे में उसकी दादी ताराबाई (75) ने भी दम तोड़ दिया।
सुभाष मूल रूप से रायसेन जिले के नूरगंज का रहने वाला था, लेकिन पिछले दो साल से नरेला शंकरी में अपने मामा के घर रहकर सैलून में काम कर रहा था। शनिवार शाम वह अपनी बहन निधि के घर राखी बंधवाने आया था।
बहन ने राखी बांधी, फिर हुआ हादसा
जीजा विक्की के मुताबिक, “निधि ने राखी बांधी और सुभाष को खाना खाने के लिए रोक लिया। हम दोनों पहली मंजिल पर बात कर रहे थे, तभी वह बाहर छत पर गया, जहां से हाईटेंशन लाइन बेहद पास से गुजरती है। रिमझिम बारिश के बीच वह करंट की चपेट में आ गया।”
उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पहले भी हुई थी इसी जगह करंट की घटना
निधि ने बताया, “कुछ महीने पहले मैं भी इसी जगह करंट की चपेट में आकर झुलस गई थी। एक हाथ गंभीर रूप से जल गया था, लेकिन मैं बच गई थी। कभी नहीं सोचा था कि उसी जगह मेरे भाई की जान जाएगी।”
विक्की ने बताया कि 13 जनवरी 2025 को उन्होंने CM Helpline पर शिकायत की थी। बिजली विभाग के कर्मचारी आए और लाइन शिफ्टिंग के लिए खर्च का हवाला दिया। मोहल्ले वाले खर्च उठाने को तैयार थे, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
स्थानीय लोगों की नाराज़गी
रहवासियों के अनुसार, इसी लाइन की वजह से एक साल पहले एक मिस्त्री की भी मौत हो चुकी है। कई बार शिकायत के बावजूद न तो लाइन को कवर किया गया और न ही शिफ्ट किया गया।
पुलिस जांच में जुटी
गांधी नगर थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
