भोपाल। खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के शुभारंभ को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने प्रेसवार्ता में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को शाम 6:30 बजे भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही खेलों के इतिहास पर आधारित नृत्य नाटिका और भव्य आतिशबाजी भी दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण होंगी।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स सफलतापूर्वक चल रहा है। खेल विभाग और विभिन्न खेल संघों के सहयोग से इसका आयोजन एक सफल प्रयोग साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि देश में पहली बार सभी खेल संघों के साथ मिलकर खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 25 जनवरी तक संपन्न हो जाएंगी। इसके बाद 27 जनवरी से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत होगी। ये प्रतियोगिताएं प्रदेश के 9 जिलों में आयोजित की जाएंगी।
मंत्री सारंग ने बताया कि 31 जनवरी को भोपाल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बार यूथ गेम्स में पहली बार पारंपरिक खेलों जैसे पिट्टू और रस्साकशी के साथ-साथ क्रिकेट और थ्रोबॉल को भी शामिल किया गया है, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और बढ़ी है।
उन्होंने यह भी बताया कि ब्लॉक स्तर से अब तक 1 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है, जो खेलो एमपी यूथ गेम्स की लोकप्रियता और सफलता को दर्शाता है। खेलो एमपी यूथ गेम्स के माध्यम से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच मिल रहा है और युवाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है।
हर ख़बर, हर पल — सिर्फ़ देशहरपल पर!
