इंदौर के एमआईजी क्षेत्र में गर्म दाल से झुलसे 30 वर्षीय युवक की एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इंजेक्शन दिए जाने के बाद युवक को होश नहीं आया और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों और इंजेक्शन से उसके संभावित संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गर्म दाल लेकर आते समय झुलस गया था युवक
एमआईजी पुलिस के अनुसार, आकाश (30), पिता कन्हैयालाल वर्मा, निवासी सोमनाथ की चाल, रविवार को घर में गर्म दाल से झुलस गया था। हादसे में उसके पैर बुरी तरह जल गए थे। परिजन उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया था।
रिश्तेदारों ने बताया कि आकाश का परिवार एमआईजी मेन रोड पर दाल-पकवान की दुकान चलाता है। दुकान के लिए दाल घर पर ही उबाली जाती है। आकाश घर के ऊपरी कमरे से नीचे दाल लेकर आ रहा था, तभी वह गर्म दाल की चपेट में आकर झुलस गया।
इंजेक्शन लगाने के बाद होश नहीं आने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात आकाश दर्द के कारण चिल्ला रहा था। इसी दौरान डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन लगाया। परिवार का आरोप है कि इंजेक्शन देने के बाद आकाश को होश नहीं आया। बुधवार रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इंजेक्शन और युवक की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं। मामले की जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी।
खुड़ैल में जहर खाने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत
इंदौर के खुड़ैल क्षेत्र में भी एक अन्य मामला सामने आया है। तिल्लोर खुर्द निवासी अजय (46), पिता दयाशंकर, की एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, अजय ने जहर खा लिया था। परिजन बुधवार को उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में भी मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
