अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद जिले के वस्त्राल क्षेत्र में शनिवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे में 8 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह हादसा रामोल-गटराड रोड पर महमूदपुरा टैलेंट के पास स्थित फैक्ट्री में हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 25 कर्मचारी काम कर रहे थे।
RAF जवानों ने संभाला मोर्चा
घटनास्थल के पास ही रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) का कैंप होने के कारण धमाके की आवाज सुनते ही जवान मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं।
लाइसेंस रद्द होने के बावजूद चल रही थी फैक्ट्री
संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि फैक्ट्री संचालक मेहुल डोडिया का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था। इसके बावजूद खुले मैदान में तिरपाल और अस्थायी ढांचे बनाकर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी फैक्ट्री का संचालन कैसे जारी रहा और संबंधित अधिकारियों की भूमिका क्या रही।

घायलों का अस्पताल में इलाज
घायलों को एलजी अस्पताल और असरवा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
जांच शुरू
पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री के अवैध संचालन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की बात सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिक खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com

