Raipur के रावाभाठा इलाके में एक मकान से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से बैटरी, वायर, एयरगन, कैमिकल से भरी दो बोतलें और डेटोनेटर जैसी संदिग्ध सामग्री जब्त की है।

बैग में मिला संदिग्ध सामान
जानकारी के मुताबिक रावाभाठा इलाके में रहने वाली मितानिन पुष्पा साहू के घर बुधवार शाम एक युवक बैग लेकर पहुंचा था। युवक ने अपना नाम विनय देवांगन बताया और कुछ देर के लिए बैग रखने की बात कहकर वहां से चला गया।
बैग को लेकर परिवार को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी जानकारी दी।
स्थानीय लोगों के साथ पहुंचे पार्षद
सूचना मिलने के बाद पार्षद अश्वनी यादव स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। गुरुवार सुबह बैग खोलकर देखा गया तो उसमें एयरगन, वायर, बैटरी और देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध सामान मिला।
इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
डीसीपी ने लिया जायजा
मौके पर डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर भी पहुंचे और जांच की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त सामग्री की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सामान का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि संदिग्ध सामान विनय देवांगन नाम के व्यक्ति का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस अब विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामले में जल्द बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।


