इंदौर के अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर चल रहा कब्जे का विवाद शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस, नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद कई परिवारों ने जमकर विरोध शुरू कर दिया।
परिवारों का हंगामा, खुद को आग लगाने की कोशिश
जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, एक महिला सहित दो युवकों ने खुद पर घासलेट उड़ेलकर आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने तत्काल पानी डालकर उन्हें काबू में किया और हिरासत में ले लिया। इसी दौरान एक युवती घर की चद्दर पर चढ़कर सुसाइड की धमकी देने लगी। महिला पुलिसकर्मी ने जोखिम उठाकर उसे नीचे उतारा, इस दौरान युवती घायल भी हो गई।
चार परिवार कर रहे थे कब्जा
पुलिस के अनुसार, कुल चार परिवारों ने अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था। ट्रस्ट ने इस संबंध में लंबे समय से शिकायतें दी थीं। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम और तहसीलदार ने जांच की, जिसमें जमीन मंदिर की ही पाई गई। इसके बाद गुरुवार को कब्जा हटाने का आदेश जारी किया गया।
बिजली पोल पर चढ़कर धमकी
हंगामे के दौरान एक युवक मंदिर परिसर की दीवार और फिर बिजली के पोल पर चढ़ गया। उसने तार पकड़कर आत्महत्या की धमकी दी, ताकि कार्रवाई रुक सके। हालांकि प्रशासन पहले ही एहतियातन बिजली सप्लाई बंद करवा चुका था। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद युवक को नीचे उतारा।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी
तनाव और विरोध के बावजूद नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने में जुटी रही। पूरे मामले में प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
For more info visit: www.deshharpal.com
