इंदौर के समाजसेवी किशोर कोडवानी सोमवार को नगर निगम कमिश्नर के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। वे अपनी मांगों को लेकर निगमायुक्त क्षितिज सिंघल से मिलने पहुंचे थे, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी मुलाकात नहीं हो सकी।
कोडवानी का कहना है कि इंदौर में पानी की कमी नहीं, बल्कि उसके प्रबंधन की समस्या है। नर्मदा, बिलावली, यशवंत सागर, ट्यूबवेल और ट्रीटेड वॉटर जैसे कई स्रोत होने के बावजूद शहर के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
200 लीटर पानी का हिसाब नहीं होने का आरोप
किशोर कोडवानी ने कहा कि शहर में प्रति व्यक्ति 311 लीटर पानी निर्धारित है, लेकिन टंकियों के माध्यम से लोगों तक करीब 100 लीटर पानी ही पहुंच रहा है। बाकी 200 लीटर पानी का कोई हिसाब-किताब नहीं है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में वे 2009 से न्यायिक लड़ाई लड़ रहे हैं। इस दौरान कई आदेश भी जारी हुए, लेकिन उनका पालन नहीं किया जा रहा है।
निगमायुक्त को कई बार लिख चुके हैं पत्र
कोडवानी के मुताबिक, उन्होंने निगमायुक्त को दो महीने पहले और फिर एक महीने पहले पत्र लिखा था। इस बीच जून में जल प्रभारी, उपायुक्त और महापौर के साथ दो बार बैठक भी हुई, लेकिन कोई निर्णय नहीं निकला।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 और 2025 में हाईकोर्ट ने पानी सहित अन्य मुद्दों पर दायर अभ्यावेदनों की सुनवाई करते हुए नगर निगम को निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक इन निर्देशों पर अमल नहीं हुआ।
7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर देंगे धरना
कोडवानी ने कहा कि इस साल शहर में जल संकट की स्थिति बनी है। उनके अनुसार, यह पानी की उपलब्धता का नहीं, बल्कि भूजल और प्रबंधन का संकट है।
उन्होंने दावा किया कि इंदौर को नर्मदा और यशवंत सागर से 200 एमएलडी से अधिक पानी मिलता है, जबकि टंकियों में 100 एमएलडी पानी भी नहीं भर पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पानी की उपलब्धता और वितरण के बीच इतना बड़ा अंतर क्यों है।
कोडवानी ने नगर निगम को कार्रवाई के लिए 7 दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि यदि इस अवधि में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे दोबारा चौराहे पर धरना देंगे और न्यायालय में अवमानना का आवेदन पेश करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार आवेदन में दो मांगें भी शामिल की जाएंगी। पहली, निगमायुक्त को निजी खर्च पर वकील के माध्यम से न्यायालय में उपस्थित होना पड़े। दूसरी, न्यायालय की अवमानना के लिए उन पर आर्थिक दंड लगाया जाए।
सिंघल बोले- पहले हाईकोर्ट के आदेशों का अध्ययन करेंगे
निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि किशोर कोडवानी उनसे मिलने आए थे। उन्होंने पेयजल से संबंधित हाईकोर्ट के कुछ आदेशों का हवाला दिया, जिन पर दोबारा सुनवाई की आवश्यकता बताई गई थी।
सिंघल के मुताबिक, कोडवानी से उन आदेशों की प्रतियां और उनमें दर्ज सभी बिंदु उपलब्ध कराने को कहा गया है। पहले इनका अध्ययन किया जाएगा। जिन अन्य पक्षों का इन मामलों से संबंध है, उन्हें भी सुना जाएगा। सभी पक्षों को सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।








































