लगातार कई घंटे तक कुर्सी पर बैठकर कंप्यूटर पर काम करना गर्दन और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकता है। गलत पॉश्चर, लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठे रहना और शारीरिक गतिविधियों की कमी से गर्दन व कमर दर्द की परेशानी बढ़ सकती है। इससे बचने के लिए हर 30 से 45 मिनट में 5 मिनट का ब्रेक लेना, बैठने की मुद्रा सही रखना और नियमित एक्सरसाइज करना जरूरी है।
ये बातें ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर में रीढ़ की हड्डी के स्वास्थ्य और देखभाल पर आयोजित संगोष्ठी में स्पाइन सर्जन डॉ. प्रसाद पाटगांवकर ने कहीं। उन्होंने लंबे समय तक टेबल-कुर्सी पर बैठकर काम करने से होने वाली समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुक्त रमेश कुमार और अतिरिक्त आयुक्त मोहम्मद शेख भी मौजूद रहे।
सही पॉश्चर से कम हो सकता है गर्दन और कमर दर्द का खतरा
विशेषज्ञों ने बताया कि ऑफिस में काम करते समय बैठने की मुद्रा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। कंप्यूटर स्क्रीन को आंखों के स्तर पर रखना चाहिए और गर्दन को ज्यादा झुकाकर काम करने से बचना चाहिए। कीबोर्ड और माउस का इस्तेमाल करते समय हाथों को पर्याप्त सहारा देना भी जरूरी है।
इसके अलावा, कमर को सहारा देने वाली लंबर सपोर्ट कुर्सी और आर्म सपोर्ट वाली कुर्सी का इस्तेमाल करने से बैठने की स्थिति बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। लंबे समय तक एक ही मुद्रा में बैठे रहने के बजाय बीच-बीच में उठकर चलना भी फायदेमंद हो सकता है।
रोज 20 मिनट एक्सरसाइज करने की सलाह
संगोष्ठी में फिजियोथेरेपिस्ट रेहान फ्रांसिस ने सरल व्यायाम और रोजमर्रा की शारीरिक गतिविधियों के जरिए रीढ़ की हड्डी को स्वस्थ रखने के तरीके बताए। उन्होंने गर्दन, कमर और कोर मसल्स को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया।
विशेषज्ञों ने सलाह दी कि योग और एक्सरसाइज की शुरुआत धीरे-धीरे करनी चाहिए। अचानक बहुत ज्यादा व्यायाम करने से बचना चाहिए, ताकि शरीर पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
रीढ़ की हड्डी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
कार्यक्रम का उद्देश्य रीढ़ की हड्डी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कामकाजी लोगों को गर्दन व कमर से जुड़ी समस्याओं से बचाव के उपाय बताना था। अंत में कौशलेंद्र सिंह सेंगर ने अतिथियों, विशेषज्ञों और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।








































