खंडवा।
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शिकायत पर मोघट रोड थाना पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपी को महज 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
बैतूल की रहने वाली है पीड़िता
19 साल की यह छात्रा बैतूल जिले की रहने वाली है और खंडवा में रहकर सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही है। वह कॉलेज के छात्रावास में रहती है। आरोपी राजेश मस्कोले, उसी के गांव का रहने वाला है और दोनों परिवार एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
सोशल मीडिया से निकाला नंबर, बनाया प्लान
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश किसी काम से खंडवा आया था। उसने पीड़िता का मोबाइल नंबर एक सोशल मीडिया ग्रुप से चुराया और संपर्क किया। फिर मिलने के बहाने उसे शहर के नागचून पार्क के पास एक सुनसान रास्ते पर ले गया और वहां जबरन दुष्कर्म किया।
धमकी दी, इसलिए नहीं की शिकायत
यह घटना 28 जून की शाम करीब 5:30 बजे की है। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के चलते उसने तुरंत किसी को कुछ नहीं बताया। बाद में वह अपने गांव गई और परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों के सहयोग से वह खंडवा लौटी और थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
पीड़िता की मदद से आरोपी गिरफ्तार
टीआई धीरेश धारवाल के मुताबिक, पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया। आरोपी खंडवा में ही छिपा हुआ था, लेकिन पुलिस ने उसे ट्रैक कर शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। शाम तक उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Deshharpal पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद करता है और इस अपराध की कड़ी निंदा करता है।
ऐसी खबरों से जुड़ी हर अपडेट पढ़ने के लिए विज़िट करें – www.deshharpal.com
