छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने तलाक से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के दायरे में आ सकता है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है। फोन पर लगातार बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में दूसरे पुरुष को घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां भी महत्वपूर्ण परिस्थितिजन्य साक्ष्य हो सकती हैं।
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए पति की तलाक की अपील मंजूर कर ली। कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की।
मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती से जुड़ा है। दोनों की शादी 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी का दूसरे पुरुष से संबंध है और मना करने के बावजूद वह उससे बातचीत करती रही। इससे उनका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ।
फैमिली कोर्ट ने खारिज कर दी थी तलाक की अर्जी
पति ने मानसिक प्रताड़ना और दूसरे पुरुष से संबंध होने का आरोप लगाते हुए फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी लगाई थी। 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत नहीं होने के आधार पर याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की।
हाईकोर्ट ने मामले में पेश किए गए सबूतों और गवाहों के बयानों की जांच की। कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं पर पर्याप्त विचार नहीं किया था।
बेटी बोली- समझाने के बाद भी मां ने बातचीत नहीं रोकी
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बेटी ने गवाही दी कि उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बातचीत करती थी। परिवार के सदस्यों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद उसने उस व्यक्ति से बातचीत बंद नहीं की।
बेटे ने कहा- पिता की गैरमौजूदगी में घर आता था व्यक्ति
बेटे ने भी कोर्ट में बताया कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था। जब बच्चों ने इसकी जानकारी पिता को दी तो मां उन्हें डांटती थी। बेटे के मुताबिक, एक बार उसकी मां घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी।
पति ने बाइक पर दोनों को साथ देखने का किया दावा
पति ने कोर्ट को बताया कि 22 अगस्त 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत खराब होने पर उसने पत्नी को अस्पताल भेजा था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा।
पति के अनुसार, समझाने पर पत्नी ने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था, लेकिन कुछ समय बाद फिर से उस व्यक्ति से संपर्क शुरू कर दिया।
हाईकोर्ट बोला- परिस्थितिजन्य सबूतों का मूल्यांकन जरूरी
हाईकोर्ट ने कहा कि विवाहेतर संबंधों के मामलों में प्रत्यक्ष सबूत जुटाना हमेशा संभव नहीं होता। हर मामले में फोन रिकॉर्डिंग, वीडियो या अन्य प्रत्यक्ष प्रमाण मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती। ऐसे मामलों में परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का एक साथ मूल्यांकन करना जरूरी है।
कोर्ट के मुताबिक, शारीरिक संबंध साबित नहीं होने के बावजूद दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां मानसिक क्रूरता के आकलन में अहम हो सकती हैं।
इन्हीं परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हाईकोर्ट ने पति की अपील स्वीकार करते हुए तलाक की डिक्री जारी कर दी।
अधिक जानकारी के लिए deshharpal वेबसाइट पर विजिट करें।


