जबलपुर की केंद्रीय सुरक्षा संस्थान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रशियन महिलाएं और कुछ कर्मचारी फैक्ट्री परिसर में फिल्मी गानों पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो 17 सितंबर का बताया जा रहा है, जब फैक्ट्री में विश्वकर्मा जयंती का आयोजन किया गया था।

पूजा के बाद हुआ डांस
जानकारी के मुताबिक, विश्वकर्मा जयंती के मौके पर फैक्ट्री के A-1 सेक्शन में पूजा का आयोजन हुआ था। पूजा के बाद कर्मचारियों ने म्यूजिक सिस्टम पर फिल्मी गाने चलाए, और वहां मौजूद रशियन महिलाएं व कुछ भारतीय कर्मचारी ‘प्यार करने वाले प्यार करते हैं शान से’ गाने पर डांस करते दिखाई दिए।
वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हिंदू संगठन ने जताई आपत्ति
हिंदू सेवा परिषद ने इस वीडियो पर कड़ा ऐतराज जताया है।
प्रदेश अध्यक्ष अतुल जैसवानी ने कहा –
“एक रक्षा संस्थान में सनातन धर्म के त्योहार के दिन इस तरह फिल्मी गानों पर ठुमके लगाना अशोभनीय है। यह सनातन परंपरा का अपमान है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि परिषद का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रक्षा अधिकारियों से भेंट कर आपत्ति दर्ज कराएगा।
पूर्व कर्मचारियों ने कहा – पुरानी परंपरा है
वहीं, फैक्ट्री के पूर्व कर्मचारी और जेसीओ सदस्य अरुण दुबे ने इस विवाद को अनावश्यक बताया।
उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर फैक्ट्री में पूजा और झांकी सजाने की परंपरा अंग्रेजों के समय से चली आ रही है।
“इस दिन औजारों का उपयोग नहीं किया जाता। कर्मचारी कुछ देर के लिए आपस में खुशी मनाते हैं।
उसी दौरान रूस से आई महिला ट्रेनर्स ने कर्मचारियों के साथ थोड़ी देर डांस किया, लेकिन इसे गलत अर्थ में लिया जा रहा है।”
वीडियो बनाकर किया गया वायर
अरुण दुबे ने बताया कि यह वीडियो फैक्ट्री के ही एक कर्मचारी ने मोबाइल से बनाकर वायरल कर दिया।
अब फैक्ट्री प्रबंधन ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
अधिक जानकारी और अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com


