जबलपुर के नेपियर टाउन में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे और गारंटीड कमाई का भरोसा दिलाकर एक दंपति पर बुटिक संचालक से 42.20 लाख रुपए और करीब 5 तोला सोने के कंगन लेने का आरोप है। पीड़िता वंदना अग्रवाल (43) ने 22 नवंबर को कैंट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, रकम और सोना लेने के बाद आरोपी दंपति फरार हो गया।
तीन साल पहले व्यापार के सिलसिले में हुई थी पहचान
वंदना अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले व्यापार के सिलसिले में उनकी पहचान सदर कैंट निवासी रश्मी कौर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद रश्मी और उसके पति मनवीर सिंह पाल ने उन्हें शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया।
शुरुआत में वंदना ने निवेश को लेकर आशंका जताई, लेकिन दंपति ने इसे सुरक्षित बताते हुए हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक गारंटीड मुनाफे का लालच दिया। उनकी बातों में आकर वंदना ने 2 मई 2024 को रश्मी को 2 लाख रुपए नकद दिए। इसके बाद 12 अक्टूबर 2024 को 1.70 लाख, 15 मार्च 2025 को 10 लाख और 2 नवंबर 2025 को 3 लाख रुपए दिए।
रिश्तेदारों से रकम लेकर भी दंपति को दिए पैसे
शिकायत के अनुसार, वंदना ने अपने रिश्तेदारों से भी पैसे लेकर दंपति को दिए। 14 मई और 15 जून 2025 को 50 हजार और 4 लाख रुपए दिए गए। इसके अलावा 14 मई को 2.5 लाख और 16 जून 2025 को 6 लाख रुपए बैंक खाते के माध्यम से ट्रांसफर कराए गए।
21 जून 2025 को वंदना ने 2.5 लाख रुपए नकद के साथ करीब 5 तोला वजन के सोने के कंगन भी दंपति को सौंप दिए। इसके बाद 27 और 28 जुलाई 2026 को 5 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए ऑनलाइन माध्यम से दिए गए।
मुनाफे सहित रकम मांगने पर करने लगे बहाने
वंदना के मुताबिक, पिछले दो-तीन महीनों से उनके रिश्तेदार निवेश की रकम मुनाफे सहित वापस मांग रहे थे। इसके बाद उन्होंने भी रश्मी और मनवीर पर पैसे लौटाने का दबाव बनाया। आरोप है कि दंपति शेयर मार्केट में उतार-चढ़ाव का हवाला देकर लगातार टालमटोल करने लगा।
लगातार पैसे मांगने पर 16 नवंबर 2026 को रश्मी ने फोन कर वंदना को अगले दिन यानी 17 नवंबर को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच अपने घर बुलाया।
घर पहुंचीं तो पहले से मौजूद थे 25 से 30 लोग
वंदना ने बताया कि जब वह दंपति के घर पहुंचीं तो वहां पहले से करीब 25 से 30 लोग मौजूद थे। इन सभी लोगों ने भी दंपति को पैसे और सोना निवेश के नाम पर दिया था। सभी को उसी दिन घर बुलाया गया था।
बाद में पता चला कि रश्मी कौर और मनवीर सिंह पाल सभी लोगों की रकम और कीमती सामान लेकर फरार हो गए हैं। दोनों किसी का फोन भी नहीं उठा रहे हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दंपति ने उनसे कुल 42 लाख 20 हजार रुपए और करीब 5 तोला सोने के कंगन लेकर धोखाधड़ी की है। कैंट पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


