पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2027 के तहत बुधवार को राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई। मतदाता अब इस सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं।
अगर किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य जानकारी में कोई गलती है, तो वह 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है।
28 दिसंबर तक होगा दावे-आपत्तियों का निपटारा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उन्हें प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं।
उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
ऑनलाइन ऐसे चेक करें वोटर लिस्ट में नाम
मतदाता घर बैठे भी प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं। इसके लिए इन वेबसाइटों पर जाना होगा:
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की वेबसाइट: www.ceopunjab.gov.in
- चुनाव आयोग का मतदाता सेवा पोर्टल: voters.eci.gov.in
इन पोर्टल पर उपलब्ध सुविधा के जरिए मतदाता सूची में अपना नाम और संबंधित जानकारी देख सकते हैं।
18 साल के युवा भी कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 साल की उम्र पूरी कर रहे हैं, वे भी मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरना होगा।
हेल्प डेस्क और विशेष कैंप की भी व्यवस्था
मतदाताओं की सहायता के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) के कार्यालयों में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। इसके अलावा राज्यभर में जल्द ही विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे।
किसी भी तरह की जानकारी या मदद के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं। ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के जरिए बीएलओ के साथ कॉल बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने लोगों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।









































