राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को मध्य प्रदेश के भोपाल और राजस्थान के झालावाड़ में आतंकी संगठन हिज़्ब-उत-तहरीर (HuT) से जुड़े साजिश के मामले में ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई HuT के खिलाफ दर्ज केस RC-15/2023/NIA/DLI यानी ‘HuT भोपाल केस’ के तहत की गई।
जानकारी के मुताबिक NIA की टीमों ने भोपाल में 3 और झालावाड़ में 2 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कई डिजिटल डिवाइसेज़, जैसे मोबाइल और लैपटॉप बरामद किए गए हैं जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
देश में अराजकता फैलाने की थी तैयारी
NIA के मुताबिक हिरासत में लिए गए संदिग्ध देशभर में हिंसा फैलाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करने और शरीयत आधारित इस्लामी राज्य स्थापित करने की साजिश रच रहे थे। खासकर कमज़ोर मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी सोच से जोड़कर उन्हें इस मिशन में शामिल किया जा रहा था।
भोपाल में ATS की मदद से मोहसिन की गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, भोपाल के अशोका गार्डन इलाके से मोहसिन नामक युवक को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। उसे अदालत में पेश कर 16 जून तक रिमांड पर भेजा गया है। उसी से मिली जानकारी के आधार पर राजस्थान में छापेमारी की गई।
झालावाड़ में कपड़ा व्यापारी के घर-दुकान पर रेड
राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहर थाना कस्बे में काज़ी चौक जामा मस्जिद के पास एनआईए की टीम ने शनिवार 14 जून को दबिश दी। यहां एक कपड़ा व्यापारी के घर और दुकान पर छापेमारी की गई है। NIA की कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन भी सतर्क मोड में आ गया है।
(https://deshharpal.com/)के लिए विशेष रिपोर्ट।
