इंदौर।
इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर अब जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया भी तेज़ होती जा रही है। कांग्रेस की महिला पार्षद रूबिना इकबाल ने इस मामले में कड़ी नाराज़गी जताते हुए कहा कि सोनम ने केवल अपने पति की हत्या नहीं की, बल्कि इंदौर की छवि और समाज में रिश्तों की मर्यादा को भी तार-तार किया है।
“अगर प्यार था, तो शादी क्यों की?”
पार्षद रूबिना ने तीखे शब्दों में कहा, “अगर सोनम को किसी और से प्रेम था तो शादी ही क्यों की? शादी के बाद पति की हत्या करके उसने न सिर्फ एक जीवन छीना, बल्कि मां-बेटी, सास-बहू और माता-पिता जैसे रिश्तों के भरोसे को भी तोड़ डाला।”
उन्होंने आगे कहा, “अब जब भी वह इंदौर आएगी, मैं उसे थप्पड़ मारकर सवाल करूंगी — क्या किसी की जान लेना ज़रूरी था?”
“ऐसी सज़ा दो कि समाज याद रखे”
रूबिना इकबाल ने मांग की कि सोनम को ऐसी सजा दी जाए जो समाज में एक सख्त संदेश दे। उन्होंने कहा, “उसे चौराहे पर कोड़े मारने चाहिए और फिर फांसी दी जानी चाहिए। जो उसने किया, उसके लिए कोई सजा काफी नहीं।”
“उसका नाम सुनकर भी गुस्सा आता है”
पार्षद का गुस्सा यहीं नहीं रुका। उन्होंने कहा, “सोनम नाम का मतलब होता है ‘सोना’, लेकिन वह तो कोयले से भी बदतर निकली। अब लोग इंदौर की लड़कियों पर उंगली उठाएंगे। जबकि यहां की महिलाएं संस्कार, समर्पण और रिश्तों को निभाने के लिए पहचानी जाती हैं।”
वाराणसी में सोनम का ‘पिंडदान’!
इस बीच खबर है कि वाराणसी में रघुवंशी समाज की कुछ महिलाओं ने सोनम का प्रतीकात्मक ‘पिंडदान’ किया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने मीडिया से कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी सोशल मीडिया से मिली है और हो सकता है यह स्थानीय महिलाओं की भावनात्मक प्रतिक्रिया हो।

Deshharpal इस दुखद घटना की निंदा करता है और न्याय की मांग के साथ जनता की भावनाओं को प्रमुखता देता रहेगा।
देश-प्रदेश की बेबाक और सच्ची खबरों के लिए जुड़ें – www.deshharpal.com
