सागर, मध्यप्रदेश। रहली क्षेत्र में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में बने मकान से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब की बाजार कीमत करीब 7 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। मौके से एक आरोपी लक्ष्मीकांत अहिरवार को गिरफ्तार किया गया है।
खेत में बने पक्के मकान से मिली 86 पेटी शराब
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सागर-जबलपुर बायपास के पास खेत में बने एक मकान में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने उस स्थान पर दबिश दी।
पक्के मकान की तलाशी के दौरान टीम को व्हिस्की, बोटका, बीयर सहित 18 अलग-अलग ब्रांड की 86 पेटियां मिलीं, जिन्हें मौके पर ही जब्त किया गया। शराब को लोडिंग वाहन से आबकारी कार्यालय लाया गया।
आबकारी टीम की सतर्कता से बड़ी तस्करी टली
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे SI सियाराम चौधरी ने DeshHarpal.in को बताया कि आरोपी लक्ष्मीकांत अहिरवार को मौके से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में दमोह और रायसेन जिलों से सागर में अवैध शराब लाने की कई शिकायतें मिल रही हैं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर टीम सतर्क होकर लगातार कार्रवाई कर रही है।

अवैध शराब तस्करी पर प्रशासन की पैनी नजर
आबकारी विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। खेत, गोदाम, बंद मकानों से लेकर हाईवे किनारे बने निर्माणों तक को जांच के दायरे में लाया जा रहा है। विभाग ने जनता से अपील की है कि वे अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
www.deshharpal.comपर हम लाते हैं आपके लिए जमीनी हकीकत से जुड़ी वो खबरें, जो देश और समाज को प्रभावित करती हैं — बिना किसी लाग-लपेट के।
