सागर। जिले के रहली कस्बे में पुलिस ने घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण करने के मामले में एक गोदाम पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में अलग-अलग तरह के पटाखे और आतिशबाजी सामग्री मिली। पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर गोदाम संचालक उत्तमचंद जैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस-प्रशासन ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक, रहली थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक हरिसिंह तोमर पुलिस बल और तहसीलदार के साथ कस्बे में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 10 निवासी उत्तमचंद जैन ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित पप्पन (प्राइम स्नेक्स) के गोदाम में बिना लाइसेंस बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम गोदाम पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान गोदाम की दूसरी मंजिल पर बने हॉल में पटाखे खुले में, कार्टूनों और बोरियों में रखे मिले।
सुतली बम, बुलेट बम और रॉकेट भी जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस को सुतली बम, बुलेट बम, चकरी, अनारदाना, रॉकेट, लड़ी वाले पटाखे और फुलझड़ी सहित कई तरह की आतिशबाजी सामग्री मिली। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया।
तीन दिन पहले सागर से खरीदकर लाया था पटाखे
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गोदाम संचालक से पटाखों के क्रय-विक्रय और भंडारण से जुड़े वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में उत्तमचंद जैन ने करीब तीन दिन पहले सागर से पटाखे खरीदकर लाने और उन्हें गोदाम में रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।









































