सागर। पुलिस महानिरीक्षक सागर इरशाद वली ने बुधवार दोपहर जिले के चार पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया। आईजी के अचानक थानों में पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल देखने को मिली। उन्होंने मकरोनिया, कैंट, बहेरिया और सानौधा थानों का निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था और विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
पुलिसकर्मियों से संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान आईजी इरशाद वली ने संबंधित थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने उनके शासकीय कार्यों, कार्य परिस्थितियों और समस्याओं की जानकारी ली।
आईजी ने विभागीय कामकाज की समीक्षा के साथ पुलिसकर्मियों का हालचाल भी जाना और उनके व्यक्तिगत व कार्य संबंधी अनुभव सुने। उन्होंने पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहकर ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
बीट प्रणाली मजबूत करने पर जोर
आईजी ने पुलिसिंग की बुनियादी इकाई बीट प्रणाली को मजबूत और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीट में तैनात पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों, अपराधियों, असामाजिक तत्वों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए।
उन्होंने आमजन से नियमित संपर्क और संवाद बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए। इससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिलने के साथ जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।
आईजी ने बीट स्तर पर सक्रियता, नियमित क्षेत्र भ्रमण, सूचनाओं के प्रभावी संकलन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय को प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार बताया।
लंबित अपराधों का जल्द निराकरण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान लंबित अपराधों के निराकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। आईजी ने विवेचकों से कहा कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और प्रत्येक मामले में प्रभावी विवेचना, साक्ष्यों का संकलन तथा जरूरी वैधानिक कार्रवाई समय पर पूरी की जाए।
उन्होंने अनावश्यक देरी से बचते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विवेचना के जरिए मामलों का निराकरण करने पर जोर दिया। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी पूजा शर्मा मौजूद रहीं।









































