सीहोर में महिला स्वास्थ्य अधिकारी 6 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई
सीहोर ज़िले के भेरुंडा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की महिला अधिकारी को रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और प्रभारी लेखपाल निशा अचले को उप स्वास्थ्य केंद्रों के बिल और वाउचर भुगतान के बदले रिश्वत मांगते हुए गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस भोपाल की ट्रैप टीम ने की।
हर स्वास्थ्य केंद्र से मांगी जा रही थी 2-2 हजार की रिश्वत
मामला 15 मई को उजागर हुआ, जब सीएचओ नर्मदी अश्वारे ने भोपाल लोकायुक्त पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के मुताबिक, भेरुंडा क्षेत्र में मौजूद 27 उप स्वास्थ्य केंद्रों को सालाना 50,000 रुपये और वेलनेस एक्टिविटी के लिए 5,000 रुपये की राशि दी जाती है। लेकिन प्रभारी लेखपाल निशा अचले प्रत्येक केंद्र से बिल और वाउचर जमा करवाने के बदले 2,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रही थीं।
ट्रैप टीम ने घर के बाहर पकड़ा
शिकायत के बाद लोकायुक्त एसपी भोपाल के निर्देश पर 16 मई को एक विशेष ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने योजना बनाकर निशा अचले को उनके घर के बाहर 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग कर रहा जांच की प्रतीक्षा
भेरुंडा के बीएमओ डॉ. मनीष सारस्वत ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई देर रात की गई। अब विभागीय कार्रवाई लोकायुक्त या स्वास्थ्य संचालनालय से आधिकारिक पत्र मिलने के बाद की जाएगी।
इस ऑपरेशन में डीएसपी दिलीप झारबड़े, निरीक्षक उमा कुशवाह समेत लोकायुक्त पुलिस की टीम शामिल रही।
https://deshharpal.com/ भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की पारदर्शी कार्यवाहियों को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध है।

