वित्त वर्ष 2025-26 में 22 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का घाटा दर्ज करने के बाद एअर इंडिया गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रही है। एयरलाइन को घाटे से उबारने और कामकाज में सुधार लाने के लिए टाटा ग्रुप ने प्रयास तेज कर दिए हैं। गुरुवार को टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और नोएल टाटा समेत ग्रुप के शीर्ष अधिकारी एअर इंडिया के गुरुग्राम स्थित कार्यालय पहुंचे और कामकाज का जायजा लिया।
वहीं, शुक्रवार 20 नवंबर को कंपनी की बोर्ड बैठक होने जा रही है। इसमें फिजूलखर्ची रोकने, परिचालन खर्च घटाने और घाटे को कम करने के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
चंद्रशेखरन और नोएल टाटा ने ट्रेनिंग एकेडमी का किया निरीक्षण
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, गुरुवार को एन चंद्रशेखरन और नोएल टाटा गुरुग्राम स्थित एअर इंडिया के मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ बोर्ड के तीन अन्य सदस्य हरीश मनवानी, अनीता जॉर्ज और सौरभ अग्रवाल भी मौजूद रहे। हालांकि, वेणु श्रीनिवासन इस दौरे में शामिल नहीं हुए।
इस दौरान अधिकारियों ने एयरलाइन की ट्रेनिंग एकेडमी और कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। एअर इंडिया के CEO तेवोल्डे गेब्रेमरियम ने उन्हें कंपनी के मौजूदा कामकाज, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
एअर इंडिया एक्सप्रेस के साथ बढ़ेगा तालमेल
शुक्रवार को होने वाली बोर्ड बैठक में खर्च कम करने और दोनों एयरलाइंस के कामकाज में बेहतर तालमेल बनाने पर चर्चा होगी। इसके लिए मुख्य एयरलाइन एअर इंडिया और कम लागत वाली हवाई सेवा देने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस के बीच सहयोग बढ़ाने की योजना है।
दोनों कंपनियां अलग-अलग बजट और जरूरत वाले यात्रियों को सेवाएं देंगी। इससे संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा और परिचालन खर्च कम करने में मदद मिलेगी।
नए CEO ने फिजूलखर्ची रोकने के लिए बनाई विशेष टीम
इथियोपियन एयरलाइंस के अनुभवी अधिकारी तेवोल्डे गेब्रेमरियम ने 1 अक्टूबर को कैंपबेल विल्सन की जगह एअर इंडिया के CEO का पद संभाला था। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कंपनी के कामकाज में सुधार और गैर-जरूरी खर्चों पर नियंत्रण को प्राथमिकता दी है।
गेब्रेमरियम ने कर्मचारियों को जिम्मेदारी तय करने और खर्चों में कटौती करने के निर्देश दिए हैं। बचत के नए तरीके तलाशने के लिए कंपनी ने एक विशेष टीम भी गठित की है।
इससे पहले 3 नवंबर को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में हिस्सेदारी बढ़ाने और बड़े विमानों का बेहतर इस्तेमाल करने की योजना भी पेश की थी।
टाटा ग्रुप की शीर्ष लीडरशिप में मतभेद की खबरें
एअर इंडिया की समीक्षा ऐसे समय हो रही है, जब टाटा संस के शीर्ष अधिकारियों के बीच मतभेद की खबरें भी सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएल टाटा ने कई मुद्दों पर एन चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने का विरोध किया है।
इन मुद्दों में टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग और ग्रुप के बड़े निवेशों से होने वाले मुनाफे व नुकसान जैसे विषय शामिल हैं। एअर इंडिया के अलावा डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार पर भी ग्रुप की नजर बनी हुई है।
वहीं, एअर इंडिया की साझेदार कंपनी सिंगापुर एयरलाइंस इस सुधार प्रक्रिया का समर्थन कर रही है।
विस्तार के साथ घाटा कम करना सबसे बड़ी चुनौती
11 नवंबर को एअर इंडिया ने माना था कि यात्रियों की सुविधाओं और कामकाज में सुधार हुआ है, लेकिन बड़े बदलावों का पूरा असर दिखने में अभी समय लगेगा। फिलहाल टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस मिलकर कंपनी को स्थायी मुनाफे में लाने की कोशिश कर रहे हैं।
शुक्रवार की बोर्ड बैठक एयरलाइन के भविष्य के लिहाज से अहम मानी जा रही है। कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने विस्तार की योजनाओं को जारी रखते हुए परिचालन खर्च घटाने और लगातार हो रहे घाटे पर नियंत्रण पाने की है।
