केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर हैं। वे जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में शामिल हुए हैं। कार्यक्रम में थोड़ी देर में गृहमंत्री खिलाड़ियों को संबोधित करेंगे और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
इससे पहले अमित शाह ने रायपुर में बीजेपी नेताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक में SIR और नक्सल ऑपरेशन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। गृहमंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों और पार्टी नेताओं से फीडबैक लिया।

एक महीने में तीसरी बार छत्तीसगढ़ दौरा
यह एक महीने में अमित शाह का तीसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे राज्योत्सव और डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने प्रदेश आए थे। हर दौरे के दौरान वे नक्सल ऑपरेशनों और एनकाउंटर की समीक्षा कर रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों से सीधा फीडबैक ले रहे हैं।
3500 से ज्यादा खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
संभाग स्तरीय बस्तर ओलिंपिक में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स समेत अन्य खेलों में करीब 3500 युवाओं ने हिस्सा लिया। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव—इन सात जिलों से खिलाड़ी पहुंचे।
खास बात यह रही कि करीब 761 सरेंडर्ड नक्सली और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्य भी खेलों में शामिल हुए। इनकी टीम का नाम ‘नुआ बाट’ रखा गया है। पिछले साल यह संख्या लगभग 300 थी, जो इस बार काफी बढ़ी है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन कैमरे बैन
कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन कैमरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, तीन-लेयर सिक्योरिटी और डॉग स्क्वायड की तैनाती की गई है।
👉 इस खबर से जुड़ी हर ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज के लिए Deshharpal साइट विज़िट करें deshharpal.com
