इंदौर पुलिस के हत्थे एक ऐसा कुख्यात आरोपी चढ़ा है, जिसके खिलाफ 100 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी अब्दुल रशीद एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के तहत अपने माता-पिता की जानकारी लेने अकोला से इंदौर आया था, लेकिन यहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, यह वही आरोपी है जो पहले भी गंभीर अपराधों के कारण चर्चा में रहा है।
जोन-3 डीसीपी राजेश व्यास के अनुसार, पलासिया थाना पुलिस ने आरोपी से करीब 7.50 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये की चोरी की बाइक शामिल है।
इंदौर और महाराष्ट्र में लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि अब्दुल रशीद पर इंदौर और महाराष्ट्र में चोरी, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2006 में चोरी के एक मामले के बाद वह अकोला चला गया था और वहीं रहकर वारदातें करता रहा।
SIR के दौरान की चोरी, CCTV से हुआ खुलासा
करीब 10 दिन पहले वह SIR फॉर्म भरने इंदौर आया। इस दौरान उसने एक बाइक चोरी की और गीतानगर स्थित एक हॉस्टल संचालिका के सूने फ्लैट से करीब 10 लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। इसके बाद वह उसी बाइक से अकोला फरार हो गया।
पुलिस ने विशेष रणनीति के तहत 800 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और लगातार निगरानी के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।
छह मिनट में वारदात, प्रोफेशनल तरीका
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने महज छह मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को आशंका है कि उससे अन्य बाइक चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
पुरानी पहचान और अन्य जानकारियां
एसीपी तुषार सिंह ने बताया कि आरोपी मूल रूप से खजराना क्षेत्र का रहने वाला है, लेकिन पिछले 18–19 वर्षों से अकोला में रह रहा था। उसके खिलाफ महाराष्ट्र में स्थायी वारंट भी बताए जा रहे हैं। फिलहाल वह तीन दिन की पुलिस रिमांड पर है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है।
👉 इस खबर से जुड़ी हर अपडेट, ग्राउंड रिपोर्ट और ब्रेकिंग न्यूज के लिए Deshharpal साइट विज़िट करें deshharpal.com
