छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार शाम एक महिला के साथ लूट की घटना सामने आई। स्कूटी से घर लौट रही महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे।
कैसे हुई वारदात?
तोरवा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी अपनी एक परिचित महिला के साथ देवरीखुर्द के गदा चौक से लौट रही थीं। जैसे ही वे तोरवा रोड पर पहुंचीं, पीछे से तेज रफ्तार पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आए और अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मस्तूरी की ओर भाग निकले।
शोर मचाया, लेकिन देर से हरकत में आई पुलिस
घटना के तुरंत बाद महिला ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को जानकारी दी। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पूछताछ और कार्रवाई में देरी के चलते आरोपी फरार हो गए।
नाकेबंदी भी नहीं आई काम
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने मस्तूरी, मल्हार और तोरवा इलाके में चेकिंग पॉइंट लगाकर वाहनों की जांच की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन उसमें बदमाश साफ नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एक और घटना: ऑटो से गायब हुआ जेवरों से भरा बैग
इसी इलाके में एक और मामला सामने आया है। देवरीखुर्द निवासी श्रद्धा भोई 21 मार्च को काम की तलाश में अग्रसेन चौक गई थीं। शाम को लौटते समय वह ऑटो से घर आ रही थीं।
पावर हाउस के पास उतरते वक्त एक नशे में धुत व्यक्ति भी बैग लेकर उतर गया। घर पहुंचने पर युवती को पता चला कि उसका जेवरों से भरा बैग गायब हो गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो दिन बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 अधिक अपडेट्स और ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
