Khandwa के रामनगर क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय सौरभ मालवीय की बुधवार देर शाम हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे दोस्तों के साथ ग्राम सिंगोट में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रास्ते में सौरभ ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। उनके दोस्त ने तुरंत कार रोकी, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत और गंभीर हो गई। इसके बाद दोस्त उन्हें तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी।
“मां वैष्णो जल” नाम से चलाते थे RO प्लांट
सौरभ मालवीय रामनगर क्षेत्र में “मां वैष्णो जल” नाम से RO वाटर प्लांट संचालित करते थे। वे अपने मिलनसार और शांत स्वभाव के कारण इलाके में अच्छी पहचान रखते थे।
उनके परिवार में मां, पत्नी और सात साल की बेटी है। सौरभ के अचानक निधन की खबर से परिवार और परिचित गहरे सदमे में हैं।
7 दिन पहले मनाई थी शादी की सालगिरह
परिजनों ने बताया कि सौरभ की शादी की सालगिरह सिर्फ सात दिन पहले ही मनाई गई थी। वहीं उनकी मां पिछले एक साल से बीमार चल रही हैं। उनका इलाज मुंबई में चल रहा था और इसी महीने उन्हें वापस घर लाया गया था।
ऐसे में सौरभ की अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। घटना के बाद रामनगर क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अधिक जानकारी और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

