मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के ग्राम बंगरेड में यादव (अहीर) समाज के एक युवक ने समाज के पंचों पर सामाजिक बहिष्कार, अपमान और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित नरेंद्र यादव मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में कलेक्टर को शिकायत सौंपकर न्याय की मांग की।
न्याय नहीं मिला तो धर्म परिवर्तन की चेतावनी
नरेंद्र यादव ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और समाज में सम्मानजनक स्थान वापस नहीं मिला, तो वे परिवार सहित धर्म परिवर्तन करने को मजबूर होंगे।
व्हाट्सऐप ग्रुप से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित के अनुसार, विवाद की शुरुआत डॉक्टर विष्णु प्रसाद यादव के यहां आयोजित एक शादी समारोह से हुई। समारोह में समाज की ओर से ₹5100 की जगह ₹11 हजार चंदा और धर्मशाला किराए को लेकर समाज के व्हाट्सऐप ग्रुप में चर्चा चल रही थी।
इसी दौरान नरेंद्र यादव ने ग्रुप में टिप्पणी करते हुए कहा था कि यदि किसी से गलती हुई है तो उसे स्वीकार कर राशि वापस कर देनी चाहिए। आरोप है कि इस टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया।
फोन पर गाली-गलौज और धमकी के आरोप
नरेंद्र यादव का आरोप है कि समाज के एक पंच के भाई ईश्वरलाल यादव ने उन्हें व्हाट्सऐप कॉल कर अपशब्द कहे और समाज छोड़ने तक की बात कही। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्होंने समाज के ग्रुप में भी दी, लेकिन किसी ने विरोध नहीं किया।
इसके बाद अन्य पदाधिकारियों द्वारा भी फोन पर गाली-गलौज और धमकी दिए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
परिवार को समाज से किया निष्कासित
पीड़ित का कहना है कि बिना उनका पक्ष सुने समाज के व्हाट्सऐप ग्रुप में उनके परिवार को समाज से निष्कासित करने का संदेश जारी कर दिया गया। साथ ही गांव के सामाजिक कार्यक्रमों और गतिविधियों में शामिल होने पर भी रोक लगा दी गई।
एसपी कार्यालय में भी की थी शिकायत
नरेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने पहले एसपी कार्यालय में भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में समाज की बैठक हुई, लेकिन उसमें उन्हें बुलाया तक नहीं गया।
उनका आरोप है कि समाज की धर्मशाला के किराए और चंदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं का विरोध करने के कारण कुछ प्रभावशाली लोग उनसे नाराज हो गए थे।
प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा
लगातार मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक बहिष्कार से परेशान नरेंद्र यादव ने प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल जिला प्रशासन ने शिकायत की जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
👉 ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए जुड़े रहें www.deshharpal.com Portal के साथ।



