भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रिटायर्ड महिला जज की बहू ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

एक साल पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा के रूप में हुई है। ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब एक साल पहले भोपाल निवासी और पेशे से वकील सामर्थ शर्मा से हुई थी।
परिवार के मुताबिक, ट्विशा का भाई भारतीय सेना में मेजर है।
भाई को फोन कर बताई थी परेशानी
मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात ट्विशा ने उन्हें फोन किया था। फोन पर वह काफी परेशान लग रही थी। उसने बताया कि पिछले 8 दिनों से उसका पति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। छोटी-छोटी बातों पर उसका अपमान किया जाता था।
भाई के अनुसार, ट्विशा भोपाल छोड़कर वापस मायके आना चाहती थी। उसने नोएडा आने के लिए रिजर्वेशन भी करा लिया था, लेकिन इससे पहले उसकी मौत की खबर आ गई।
परिजनों का आरोप है कि फोन पर बात होने के कुछ समय बाद ट्विशा की सास का कॉल आया। उन्होंने बताया कि ट्विशा ने घर में फांसी लगा ली है। इसके बाद परिवार तुरंत भोपाल पहुंचा।
नौकरी छोड़ने के बाद बदल गया व्यवहार
मेजर हर्षित का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में सब सामान्य था, लेकिन नौकरी छोड़ने के बाद ट्विशा के साथ व्यवहार बदल गया। उसे “नाकारा” कहकर ताने दिए जाते थे। परिवार और उसकी परवरिश को लेकर भी अपमानित किया जाता था।
परिवार का कहना है कि लगातार मानसिक दबाव और अपमान की वजह से ट्विशा डिप्रेशन में चली गई थी।
प्रेग्नेंसी को लेकर भी था तनाव
परिजनों के मुताबिक, मार्च में ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्नेंसी हुई थी। परिवार का दावा है कि वह उस समय बच्चे के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन ससुराल पक्ष उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था।
भाई का आरोप है कि पति इस बात को लेकर भी ताने देता था और यहां तक कहता था कि “बच्चा मेरा नहीं है, इसलिए तुम उसे गिराना चाहती हो।” परिवार का कहना है कि ऐसी बातें ट्विशा को अंदर से तोड़ रही थीं।
पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

पुलिस कर रही जांच
कटारा हिल्स थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिवार के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
👉 भोपाल सहित देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
