ग्वालियर में देर रात खाना नहीं मिलने पर बदमाशों ने होटल संचालक पर फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद आरोपियों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ भी की। पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
यह मामला हजीरा चौराहे स्थित करिश्मा होटल का है।
होटल बंद होने की बात पर भड़के युवक
होटल संचालक सोनू सिंह के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे वह होटल बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और खाना मांगने लगे।
जब उन्हें बताया गया कि होटल बंद हो चुका है और अब खाना नहीं मिल पाएगा, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे।
कट्टा निकालकर चला दी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर करण नाम के युवक ने कमर से कट्टा निकाला और होटल संचालक सोनू सिंह पर फायरिंग कर दी।
गोली चलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सोनू सिंह ने समय रहते खुद को बचा लिया, जिससे गोली उन्हें नहीं लगी और उनकी जान बच गई।
होटल में की जमकर तोड़फोड़
फायरिंग के बाद भी बदमाश नहीं रुके। आरोपियों ने होटल के काउंटर पर तोड़फोड़ की और अंदर रखा सामान इधर-उधर फेंक दिया।
कुर्सियां और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। काफी देर तक होटल में हंगामा चलता रहा।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में स्कूटी सवार युवक होटल के सामने रुकते और वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।

मुख्य आरोपी की पहचान
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मुख्य आरोपी करण बाथम की पहचान कर ली गई है।
अन्य आरोपियों की पहचान CCTV फुटेज के आधार पर की जा रही है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
👉 ग्वालियर और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com

