इंदौर में बुधवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। बेलमोर्ट पार्क के ऑफिस, खंडवा रोड स्थित सब्जी दुकान और रेडिसन चौराहे के पास फर्नीचर बिल्डिंग में आग लग गई। हालांकि सभी घटनाओं में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
बेलमोर्ट पार्क ऑफिस में लगी आग
लसूडिया क्षेत्र स्थित बेलमोर्ट पार्क के मेंटेनेंस ऑफिस में सुबह आग लग गई। यहां टाउनशिप बिल्डर का कार्यालय भी संचालित होता है।
फायर ब्रिगेड के एएसआई सुशील कुमार दुबे ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे गार्ड ने ऑफिस से धुआं निकलते देखा। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। आग में ऑफिस का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कई जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
खंडवा रोड पर सब्जी दुकान जली
इधर, खंडवा रोड स्थित अनुराधा नगर में एक सब्जी दुकान में भी आग लग गई। दुकान संचालक बबली पत्नी प्रीतम सिंह बताई जा रही हैं।
दमकल टीम ने करीब 1000 लीटर पानी डालकर आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
फर्नीचर बिल्डिंग के सातवें माले में आग
रेडिसन चौराहे के पास स्थित महिदपुर वाला फर्नीचर की बिल्डिंग के सातवें माले पर भी बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे आग लग गई।
सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों की मदद से आग पर जल्द काबू पा लिया गया।
हालांकि आग के कारण पूरे भवन में धुआं भर गया था, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक तौर पर यहां भी शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना पर विजयनगर थाना और खजराना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
👉 इंदौर और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
