Bhopal के अन्ना नगर इलाके में 18 वर्षीय युवक एस. चंद्रू की संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। युवक की मौत अवधपुरी स्थित एक नशामुक्ति केंद्र में हुई, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर करीब चार घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। परिवार ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद चक्का जाम खत्म करवाया गया।
मंत्री ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश
मंत्री विश्वास सारंग ने पुलिस प्रशासन को मामले की तुरंत और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर नशामुक्ति केंद्र की लापरवाही या किसी प्रकार की आपराधिक भूमिका सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने यह भी साफ किया कि संबंधित नशामुक्ति केंद्र को बंद किया जाएगा और उसके संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
