Mumbai के Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.25 करोड़ रुपये कीमत की कोकीन जब्त की है। इस मामले में चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, पिछले चार दिनों में दो अलग-अलग ऑपरेशन चलाए गए। जांच एजेंसी को पहले से इनपुट मिला था कि ड्रग्स की तस्करी की कोशिश की जा रही है। इसी आधार पर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई।
जांच के दौरान दो पुरुष और दो महिला विदेशी यात्रियों को रोका गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने ड्रग्स से भरे कैप्सूल निगल रखे थे। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके शरीर से कुल 2.25 किलो कोकीन बरामद की गई।
DRI के अनुसार, जब्त की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क और भारत में मौजूद संपर्कों की जांच कर रही है।
हाल के महीनों में मुंबई एयरपोर्ट पर ड्रग्स तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। जांच एजेंसियां लगातार ऐसे अंतरराष्ट्रीय गिरोहों पर नजर बनाए हुए हैं, जो भारत को ट्रांजिट रूट के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं।
