मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों बड़ा विवाद सामने आया है। फिल्म Drishyam 3 की एक्ट्रेस Ansiba Hassan ने अभिनेता Tiny Tom पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अंसिबा का कहना है कि उन्हें अपमानजनक और सांप्रदायिक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा, यहां तक कि उन्हें ‘जिहादी’ तक कहा गया।
अंसिबा हसन ने हाल ही में मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (AMMA) के जॉइंट सेक्रेटरी पद से इस्तीफा दिया था। पहले उन्होंने निजी और प्रोफेशनल कारण बताए थे, लेकिन अब उन्होंने दावा किया है कि संगठन के भीतर उन्हें लगातार मानसिक तनाव और गलत अफवाहों का सामना करना पड़ा।
एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उनके बारे में झूठी बातें फैलाई गईं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने उनके खिलाफ गलत शिकायतें तक दर्ज कराईं, जिससे वह काफी परेशान हो गईं।
वहीं अभिनेता Tiny Tom ने इन सभी आरोपों से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी अंसिबा के खिलाफ सांप्रदायिक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। टाइनी टॉम का कहना है कि उनके कई दोस्त मुस्लिम समुदाय से हैं और वह किसी को इस तरह के शब्द नहीं कह सकते।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर अंसिबा ने ऐसी कोई बात सीधे सुनी थी तो उन्हें संबंधित अधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए थी। टाइनी टॉम के मुताबिक यह मामला गलतफहमी और सुनी-सुनाई बातों पर आधारित है।
इस विवाद के सामने आने के बाद मलयालम फिल्म इंडस्ट्री और AMMA संगठन एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर भी फैंस इस मामले को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
