भोपाल की Twisha Sharma की रहस्यमयी मौत का मामला पिछले कई दिनों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस केस में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जिससे मामला और भी उलझता जा रहा है। घटना से पहले और बाद की CCTV फुटेज, पति समर्थ सिंह का फरार होना और बाद में आत्मसमर्पण करना, साथ ही सास गिरिबाला सिंह के बयानों ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है।
अब इस केस में कानूनी प्रक्रिया भी तेज हो गई है। मामले की जांच CBI को सौंपे जाने के बाद पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
इसी बीच मामले की जांच कर रही SIT ने कोर्ट में गिरिबाला सिंह की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को लेकर जवाब पेश किया है। SIT ने बताया कि गिरिबाला सिंह, समर्थ सिंह और ट्विशा शर्मा की 12 मई से 20 मई तक की CDR सुरक्षित रखने के लिए संबंधित मोबाइल कंपनियों को पत्र भेजे गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही मोबाइल कंपनियों से डेटा प्राप्त होगा, उसे केस डायरी में शामिल किया जाएगा। जांच एजेंसियों का मानना है कि कॉल रिकॉर्ड से कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती हैं, जिससे केस की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।
बता दें कि ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से अधिवक्ता अंकुर पांडे ने कोर्ट में इस संबंध में अर्जी दाखिल की थी। परिवार का आरोप है कि ट्विशा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने कई लोगों से बातचीत की थी, जिनमें कुछ प्रभावशाली लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
