मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 जून को सागर जिले की देवरी विधानसभा के केसली पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका देवरी क्षेत्र का पहला दौरा होगा। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया ने केसली पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आवागमन मार्गों का निरीक्षण किया।
देवरी विधानसभा का पहला दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर जिले की अन्य विधानसभा सीटों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन अब तक देवरी नहीं पहुंचे थे। करीब तीन महीने पहले नरयावली विधानसभा के जेरई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जल्द देवरी आने की घोषणा की थी।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोबारा नरयावली पहुंचे और वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बोमा निर्माण का भूमिपूजन भी किया, लेकिन देवरी का दौरा नहीं हो सका था। अब 14 जून को उनके केसली आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह देखा जा रहा है।
गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और पार्किंग क्षेत्र में पेयजल, शौचालय और छायादार स्थानों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक का मार्ग पूरी तरह सुगम और सुरक्षित होना चाहिए। इसके साथ ही तेज गर्मी को देखते हुए एंबुलेंस, डॉक्टरों की टीम, दवाइयां, ओआरएस और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर एसपी अनुराग सुजानिया ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम स्थल, पार्किंग और हेलीपैड क्षेत्र में जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की जाएगी।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पूरे कार्यक्रम क्षेत्र की निगरानी ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, केसली एसडीएम राजनंदिनी शर्मा, देवरी एसडीएम मुनव्वर खान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
अधिक जानकारी और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com
