उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर के पास बने Noida International Airport से 15 जून, सोमवार से कमर्शियल उड़ानों का संचालन शुरू होने जा रहा है। यह एयरपोर्ट पश्चिम उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर के लिए नया एविएशन हब माना जा रहा है।
इस खास मौके पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री K. Rammohan Naidu भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि लखनऊ से आने वाली पहली फ्लाइट में कई वीवीआईपी मेहमान शामिल होंगे। वहीं नोएडा से लखनऊ जाने वाली पहली फ्लाइट में किसानों को विशेष तौर पर शामिल किया गया है, जिससे प्रदेश के विकास और ग्रामीण भागीदारी का संदेश दिया जा सके।
सरकार का मानना है कि जेवर स्थित यह एयरपोर्ट आने वाले समय में उत्तर भारत के सबसे बड़े एविएशन सेंटर में से एक बनेगा। इससे न केवल हवाई यात्रा आसान होगी बल्कि व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, नोएडा के करीब 75 बड़े कारोबारी परिवार पहली फ्लाइट के यात्री बनेंगे। इससे एयरपोर्ट की शुरुआत को एक खास पहचान देने की तैयारी की गई है। माना जा रहा है कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव भी कम होगा।
