Weather update : देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले दो दिनों तक हीट वेव यानी लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान असम और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है।
राजस्थान के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है। दूसरी ओर विदर्भ क्षेत्र में लू का असर जारी है और वहां हीट वेव की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। मानसून की उत्तरी सीमा हरनई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री, कलिंगपट्टनम, पारादीप, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है।
