बिहार की राजधानी Patna में शनिवार देर रात पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। यह बवाल रविवार सुबह तक चलता रहा। करीब 6 घंटे तक स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान छात्रों ने स्टेशन पर तोड़फोड़ की और कई ट्रेनों को भी निशाना बनाया। हालात ऐसे हो गए कि देर रात से सुबह तक पाटलिपुत्र स्टेशन से कोई ट्रेन रवाना नहीं हो सकी।
दरअसल, बिहार में मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के 4128 पदों पर भर्ती परीक्षा 14 जून से 17 जून तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो शिफ्ट में हो रही है। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे और दूसरी दोपहर 3 बजे शुरू होती है।
शनिवार रात बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा देने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन भारी भीड़ की वजह से कई छात्र ट्रेन में चढ़ नहीं सके। इससे नाराज छात्रों ने ट्रेन रोक दी और देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया।
स्थिति को संभालने के लिए रेलवे पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा। पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया कि प्रशासन ने छात्रों को समझाने की कई बार कोशिश की, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लगातार इमरजेंसी चेन खींचते रहे और अलग-अलग मांगें करते रहे। उन्होंने बताया कि छात्रों के लिए पहले से दो स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध थीं, इसके बावजूद कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे।
डीएम के अनुसार, हंगामा कर रहे लोग उन छात्रों को भी रोक रहे थे जो परीक्षा देने जाना चाहते थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और ट्रेन संचालन फिर से शुरू हो चुका है।
