भोपाल। राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ कथित लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि घर लौट रहे पत्रकार को कुछ बदमाशों ने चाकू की नोक पर बंधक बनाकर एक कमरे में ले गए और परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाकर अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। मामले में करीब 32 हजार रुपए की लूट होने की बात सामने आई है।
लिफ्ट मांगने के बहाने रोका
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। पत्रकार अनुज मीणा अपना काम खत्म कर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निशातपुरा इलाके में एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने लिफ्ट देने से मना कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद एक अन्य युवक अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया, जिससे उनका वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया।
चाकू दिखाकर कमरे में ले गए
अनुज मीणा का आरोप है कि बाइक गिरते ही वहां पहले से मौजूद तीन अन्य युवक भी पहुंच गए। बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और जबरन पास के एक कमरे में ले गए।
कमरे में आरोपियों ने उनसे नकदी की मांग की। पर्याप्त रकम नहीं मिलने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाने का दबाव बनाया।
खातों में ट्रांसफर कराए 32 हजार रुपए
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 32 हजार रुपए अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने उन्हें करीब रात 3 बजे छोड़ा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अधिक जानकारी और ताजा खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com

