इंदौर में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। द्वारकापुरी और खजराना थाना क्षेत्रों में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों मामलों में पीड़िताओं ने अलग-अलग तरह के उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
शादी का दबाव बनाने वाले प्रेमी पर केस
द्वारकापुरी क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती ने अपने परिचित लक्की पंसोरिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवती के अनुसार दोनों एक ही कार्यस्थल पर काम करते थे और पिछले करीब एक साल से एक-दूसरे को जानते थे।
पीड़िता का आरोप है कि शराब की लत के कारण उसने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद आरोपी उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा आत्महत्या कर उसे फंसाने की धमकी भी दी। साथ ही उसका पीछा करने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विवाहिता ने भतीजे पर लगाए आरोप
खजराना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने भतीजे राहुल के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी काफी समय से उस पर गलत नजर रखता था।
शिकायत के मुताबिक कुछ दिन पहले आरोपी ने बाथरूम में झांकने की कोशिश की थी। महिला ने उसे फटकार भी लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद उसने दोबारा आपत्तिजनक हरकत की। इसके बाद पीड़िता ने परिवार को जानकारी देकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
नाबालिग ने जीजा के खिलाफ दर्ज कराया मामला
खजराना थाना क्षेत्र में ही 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने जीजा सोहेल के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने रास्ते में रोककर उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की और अनुचित व्यवहार किया।
घटना के बाद नाबालिग ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने तीनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com
