गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खाद (यूरिया) से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सड़क किनारे हैंडपंप पर पानी भर रहे लोगों पर खाद की बोरियां गिर गईं। हादसे में 10 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे आनंदपुर मोइया गांव के पास आरोन-राघौगढ़ रोड पर हुई। सागर से राजस्थान की ओर जा रहा यूरिया से लदा ट्रक गांव के मोड़ पर पहुंचते ही अनियंत्रित होकर पलट गया।
हैंडपंप पर मौजूद लोगों पर गिरी बोरियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक पलटते ही उसमें लदी खाद की बोरियां सड़क किनारे हैंडपंप पर पानी भर रही महिलाओं और पुरुषों के ऊपर गिर गईं। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बोरियों के नीचे दब गए।

10 लोग घायल, 3 को जिला अस्पताल रेफर
हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए साडा अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में प्रेमलता सहरिया, उषा सहरिया और राजकुमारी सहरिया की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पलटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
राघौगढ़ थाना प्रभारी अजय जाट ने बताया कि आनंदपुर मोइया गांव के मोड़ पर खाद से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com

