खंडवा। कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता पाए जाने पर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही चार कर्मचारियों को उनके प्रभारों से मुक्त करते हुए विभिन्न शाखाओं में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
एक कर्मचारी निलंबित, चार अधिकारियों से छीने प्रभार
नगर निगम आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार स्थायीकर्मी राजेंद्र मलैया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं राजेश सिंह राजपूत, आनंद मंगल गुरु, सईदुद्दीन कुरैशी और हरेंद्र खटीक को उनके वर्तमान प्रभारों से मुक्त कर दिया गया है।
कई शाखाओं में नए अधिकारियों की नियुक्ति
आदेश के अनुसार वाहन शाखा में हरेंद्र खटीक के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। वहीं उपयंत्री आयुष शुक्ला और कृष्ण कुमार चौरसिया को सहायक प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा कृष्ण कुमार चौरसिया को मजदूरी शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
स्वास्थ्य और बाजार शाखा में भी बदलाव
स्वास्थ्य विभाग में राजेश सिंह राजपूत के स्थान पर सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि शशांक रावत को सहायक प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी बनाया गया है।
वहीं आनंद मंगल गुरु से बाजार शाखा सहित सभी प्रभार वापस लेकर यह जिम्मेदारी प्रभारी राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को सौंपी गई है।
सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को जीपीएफ, पेंशन, लोक सूचना अधिकारी और एनपीएस शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
फायर शाखा में भी बदले प्रभारी
फायर शाखा में सईदुद्दीन कुरैशी के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं कृष्ण कुमार चौरसिया और आयुष शुक्ला को सहायक फायर अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
कर्मचारी का तबादला, आनंद मंगल गुरु को नोटिस
नगर निगम आयुक्त ने स्वास्थ्य स्थापना शाखा में पदस्थ राजेंद्र सनकत का स्थानांतरण कर उन्हें पंतनगर जोन क्रमांक-8 में सफाई कार्य के लिए पदस्थ किया है।
इसके साथ ही सहायक स्वच्छता अधिकारी आनंद मंगल गुरु को कर्मचारी संघों की मांगों के निराकरण से जुड़े मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में उन्हें एक दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: निगम आयुक्त
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने स्पष्ट कहा है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और दायित्वों के प्रति असंवेदनशीलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिक जानकारी
मध्य प्रदेश और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: deshharpal.com


