राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने 10 नई क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित की हैं। आधुनिक वाहनों और आवश्यक उपकरणों से लैस ये टीमें ट्रैफिक जाम या सड़क पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य करेंगी।
हाल ही में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा जताई गई नाराजगी के बाद इस पहल को तेजी से लागू किया गया। पुलिस कमिश्नर ने नई QRT के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए 9479210632 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। यदि किसी स्थान पर ट्रैफिक जाम, सड़क पर वाहन खराब होने, सड़क दुर्घटना या अन्य किसी कारण से यातायात प्रभावित होता है, तो नागरिक इस नंबर पर सूचना दे सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नई QRT को आधुनिक संचार प्रणाली और ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। ये टीमें सड़क दुर्घटनाओं, वीआईपी मूवमेंट और अचानक उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के दौरान भी त्वरित कार्रवाई करेंगी।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम या सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही QRT बिना देरी के मौके पर पहुंचेगी। टीम का उद्देश्य कम से कम समय में यातायात को सुचारु बनाना है, ताकि लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसना न पड़े।
