राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को शहर के खमतराई और सरोरा इलाके में हुई दो अलग-अलग वारदातों में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, तेलीबांधा निवासी संजय निषाद गुरुवार शाम अपने साथी भरत यादव के साथ ई-रिक्शा से एक महिला यात्री को विशाल नगर से सेंट जेवियर्स स्कूल की ओर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सृष्टि प्लाजा, राजीव गांधी नगर के पास तीन युवकों ने रास्ते में गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और चाकू निकाल लिया। एक आरोपी ने संजय निषाद के सीने पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हाथ से वार रोक लिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने भरत यादव की कमर के ऊपर चाकू मार दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटनास्थल से पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला, जिसमें ‘राहुल’ नाम से लगातार कॉल आ रही थी। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी घटना सरोरा इलाके में हुई, जहां मजदूर नगर निवासी युवराज सेन का कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद के बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाया और केटीएम बाइक से पहुंचे एक युवक ने युवराज पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवराज को पहले स्थानीय क्लीनिक और बाद में एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही घटनाओं के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
