इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में तीसरे दिन भी मुख्य आरोपी पति की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों, डाक विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग संयोगितागंज थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जघन्य वारदात के कई दिन बाद भी मुख्य आरोपी का फरार रहना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उधर, पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जांच जारी है।
बेटी बोली- मां को जैसा दर्द मिला, आरोपी को भी वैसी ही सजा मिले
प्रदर्शन के दौरान उर्मिला सैनी की बेटी प्रेक्षा भावुक हो गई। उसने कहा कि वह आरोपी का एनकाउंटर या सिर्फ फांसी नहीं चाहती, बल्कि उसे वही दर्द महसूस होना चाहिए जो उसकी मां ने सहा।
प्रेक्षा ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई सबसे पहले घर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा। उसके अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि पहला वार सिर पर किया गया था और मौत के बाद भी शरीर पर कई वार किए गए।
पिता ने की सख्त कार्रवाई की मांग
उर्मिला सैनी के पिता सत्यनारायण मालाकार ने आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भोपाल स्थित मकान बेचकर उसकी राशि दोनों बच्चों के नाम की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि उर्मिला की संपत्ति, आर्थिक लाभ और अन्य सभी अधिकार केवल उसके बच्चों को मिलें और आरोपी को किसी भी प्रकार का लाभ नहीं दिया जाए।

वर्षों से प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोपी उस पर बेबुनियाद शक करता था, उसके मोबाइल और चैट की निगरानी करता था तथा उसकी आय और एटीएम पर नियंत्रण रखना चाहता था।
उन्होंने बताया कि उर्मिला ने पहले भोपाल के निशातपुरा थाने में भी मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन हर बार समझौता कराकर मामला शांत करा दिया गया।
ससुराल पक्ष पर भी लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि आरोपी के माता-पिता हमेशा उसका साथ देते रहे और उसकी हरकतों पर पर्दा डालते रहे। उनका कहना है कि आरोपी ने हत्या से पहले उर्मिला की कई योजनाओं और संपत्तियों में खुद को नॉमिनी भी बनवा लिया था।
कर्मचारी संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
अखिल भारतीय रेल डाक सेवा एवं मेल मोटर सेवा कर्मचारी संघ (वर्ग-3), मध्य प्रदेश सर्किल के नेतृत्व में डाक विभाग के विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष और त्वरित जांच, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
आंदोलन की चेतावनी
कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
शनिवार को हुई थी हत्या
शनिवार को उर्मिला सैनी की उनके सरकारी आवास में हत्या कर दी गई थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब दोपहर करीब एक बजे उनके दोनों बच्चे स्कूल से घर लौटे।
बच्चों ने घर का मुख्य दरवाजा खुला और टीवी तेज आवाज में चलता हुआ पाया। अंदर जाने पर उन्होंने अपनी मां का शव खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद उन्होंने अपने नाना को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।
मध्य प्रदेश और देशभर की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com

