मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भाजपा नेता और प्रॉपर्टी कारोबारी राजा भैया गुर्जर के घर से करोड़ों रुपये के गहने और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम स्थित उनके घर की है।
भाजपा नेता का दावा है कि चोर उनके घर से 2 किलो से अधिक सोना, करीब 4 किलो चांदी और 5 से 10 लाख रुपये नकद ले गए। उनके अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये है। हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड में फिलहाल करीब 1 करोड़ रुपये की चोरी दर्ज की गई है।
भोपाल से लौटे, फिर परिवार के साथ गांव चले गए
राजा भैया गुर्जर ने बताया कि वह सोमवार रात भोपाल से ग्वालियर लौटे थे। इसके बाद परिवार के साथ अपने पैतृक गांव बसहरा (गोहद, भिंड) में कुलदेवी कालिका माता की पूजा के लिए चले गए।
मंगलवार को जब पूरा परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे और कीमती सामान गायब था।

खाली अलमारी देखकर बेहोश हुईं पत्नी
घर के अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। कमरे में अलमारियां टूटी हुई थीं और गहनों के खाली डिब्बे जमीन पर बिखरे पड़े थे। बैग में रखी नकदी भी गायब थी।
यह नजारा देखकर राजा भैया गुर्जर की पत्नी सदमे में बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुश्तैनी गहनों पर चोरों ने किया हाथ साफ
भाजपा नेता के मुताबिक चोरी हुए गहनों में—
- 2 किलो से ज्यादा सोना
- करीब 4 किलो चांदी
- 5 से 10 लाख रुपये नकद
- कई बड़े सोने के हार
- सोने की चेन
- चूड़ियों के सेट
- अंगूठियां
- झुमकों के कई सेट
- सोने की करधनी
- नेकलेस सेट सहित अन्य पुश्तैनी आभूषण शामिल हैं।
उन्होंने चोरी गए सामान की पूरी सूची पुलिस को सौंप दी है।
CCTV से बचकर पहुंचे चोर
पुलिस जांच में सामने आया है कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन वे केवल ग्राउंड फ्लोर और मुख्य गेट तक सीमित थे।
चोरों ने बेहद शातिर तरीके से केवल दूसरी मंजिल को निशाना बनाया, जहां गहने रखे हुए थे और वहां कोई कैमरा नहीं था। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में भी कोई संदिग्ध दिखाई नहीं दिया है। पुलिस को आशंका है कि चोर पीछे के रास्ते या छत के जरिए घर में दाखिल हुए।
फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एडिशनल एसपी, सीएसपी, महाराजपुरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फोरेंसिक टीम ने अलमारियों और दरवाजों से फिंगरप्रिंट जुटाए हैं। साथ ही साइबर सेल आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने जल्द खुलासे का किया दावा
महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि सूने मकान से बड़ी मात्रा में जेवर और नकदी चोरी होने की शिकायत मिली है। पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। फिंगरप्रिंट, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
मध्य प्रदेश और देशभर की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com

