नई दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की करीब एक साल बाद रेड बॉल क्रिकेट में वापसी हो गई है। उन्हें दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए नॉर्थ जोन की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। अर्शदीप ने अपना पिछला रेड बॉल मुकाबला पिछले साल दलीप ट्रॉफी में खेला था। नॉर्थ जोन की कप्तानी जम्मू-कश्मीर के विकेटकीपर-बल्लेबाज कन्हैया वधावन को सौंपी गई है, जबकि दिल्ली के ऑलराउंडर आयुष बडोनी को उपकप्तान बनाया गया है।
नॉर्थ जोन की टीम अपना पहला मुकाबला 23 अगस्त को बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में वेस्ट जोन के खिलाफ खेलेगी।
जम्मू-कश्मीर के 6 खिलाड़ियों को मिला मौका
नॉर्थ जोन की टीम में जम्मू-कश्मीर के छह खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें कप्तान कन्हैया वधावन के अलावा ओपनर कामरान इकबाल, बल्लेबाज अब्दुल समद, स्पिन ऑलराउंडर आबिद मुश्ताक और तेज गेंदबाज सुनील कुमार व युद्धवीर सिंह शामिल हैं।
पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में अब्दुल समद ने 15 पारियों में 57.53 की औसत से 748 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज का दर्जा हासिल किया था। वहीं, कप्तान वधावन ने 13 पारियों में 474 रन बनाए थे। कामरान इकबाल को पहली बार दलीप ट्रॉफी में मौका मिला है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ नाबाद 160 रन की शानदार पारी खेली थी। आबिद मुश्ताक ने पिछले सीजन में 445 रन बनाने के साथ 20 विकेट भी अपने नाम किए थे।
दिल्ली के चार खिलाड़ियों का चयन
नॉर्थ जोन की टीम में दिल्ली के चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें आयुष दोसेजा, सनत सांगवान, यश धुल और आयुष बडोनी शामिल हैं।
आयुष दोसेजा ने पिछले रणजी सीजन में 7 मैचों की 12 पारियों में 105.44 की औसत से 949 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले। वहीं सनत सांगवान ने 7 मैचों में 69.00 की औसत से 828 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल रहे। यश धुल और आयुष बडोनी को लगातार दूसरी बार दलीप ट्रॉफी के लिए नॉर्थ जोन टीम में चुना गया है।
तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अर्शदीप पर
नॉर्थ जोन के तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज, युद्धवीर सिंह और सुनील कुमार संभालेंगे। हालांकि, पिछले रणजी सीजन के सबसे सफल गेंदबाज आकिब नबी का चयन इस बार नहीं किया गया है, क्योंकि वह भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर व्यस्त हैं।
खेल जगत की ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com


