भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट के कारण एशिया कप और एशियन गेम्स से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह प्रतिका रावल को टीम में शामिल किया गया है।
BCCI ने शुक्रवार को बताया कि 25 वर्षीय जेमिमा की मेडिकल जांच में दाहिनी हैमस्ट्रिंग में हाई-ग्रेड टियर इंजरी सामने आई है। यह चोट उन्हें इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान 3 अगस्त को लगी थी।
द हंड्रेड में खेलते हुए लगी चोट
BCCI के मुताबिक, द हंड्रेड के एक मुकाबले के दौरान जेमिमा की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया, जहां जांच में गंभीर टियर की पुष्टि हुई।
चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें आगामी दोनों बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है।
एशिया कप 28 अगस्त से
महिला एशिया कप 28 अगस्त से 5 सितंबर तक दुबई में खेला जाएगा। जेमिमा की जगह अब प्रतिका रावल भारतीय टीम का हिस्सा होंगी।
एशियन गेम्स में भी नहीं खेलेंगी
एशियन गेम्स का आयोजन जापान के नागोया में 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगा। महिला क्रिकेट मुकाबले टी-20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। जेमिमा इस टूर्नामेंट में भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगी।
एशिया कप के लिए भारत की टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और प्रतिका रावल।
