इंदौर: शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से करीब 168 किलो पनीर और घी जब्त किया है। इसमें 124 किलो पनीर और 44 किलो घी शामिल है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह होने के चलते दोनों के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई गई है।
घर के फ्रीजर में मिला भारी मात्रा में पनीर-घी
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विनोबा नगर, पत्रकार चौराहा के पास अंकित मेवाड़ा के घर का औचक निरीक्षण किया। विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम रसुलपुरा, जिला सीहोर निवासी अंकित मेवाड़ा बाहर से कम गुणवत्ता वाला पनीर और घी मंगाकर इंदौर में सप्लाई कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान अंकित मेवाड़ा मौके पर मौजूद मिले। टीम ने घर में रखे फ्रीजर की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में पनीर और घी मिला।
शहर में घूम-घूमकर बेचने की बात सामने आई
पूछताछ में सामने आया कि पनीर और घी को इंदौर शहर में घूम-घूमकर बेचा जाता था। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर अधिकारियों ने पनीर और घी के एक-एक सैंपल लिए हैं।
जांच रिपोर्ट आने तक टीम ने मौके से मिले 124 किलो पनीर और 44 किलो घी, यानी कुल 168 किलो खाद्य पदार्थ जब्त कर लिया है।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
दोनों सैंपल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या नियमों के विपरीत पाए जाते हैं, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा है कि बाहर से घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ लाकर इंदौर में बेचने या सप्लाई करने वालों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
