सीकर: सीकर स्थित देवगढ़ किले में शुक्रवार शाम सेल्फी लेना 20 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। किले की दीवार पर सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से युवक करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू कर उसे खाई से बाहर निकाला, जिसके बाद सीकर के एसके अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोकुलपुरा थाना पुलिस के ASI रामकुमार के मुताबिक, गोकुलपुरा निवासी भूमिक जांगिड़ (20) पुत्र सुभाष जांगिड़ शुक्रवार शाम दो दोस्तों के साथ बाइक से देवगढ़ किला घूमने पहुंचा था। तीनों ने बाइक नीचे खड़ी की और पहाड़ चढ़कर किले तक पहुंचे।
भूमिक किले की दीवार पर चढ़कर सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे खाई में जा गिरा। उसके दोस्तों ने आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद 112 पर सूचना दी गई।
कंधों पर लादकर खाई से बाहर निकाला
सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद खाई में पहुंचे और गंभीर घायल भूमिक को कंधों पर लादकर पहाड़ से नीचे लेकर आए। इसके बाद एंबुलेंस से उसे एसके अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में भूमिक के एक पैर में फ्रैक्चर हुआ है। इसके अलावा सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
देवगढ़ किले तक जाने का रास्ता नहीं
बताया गया कि देवगढ़ किले तक पहुंचने के लिए कोई पक्का रास्ता नहीं है। लोगों को कच्ची पगडंडी या पहाड़ चढ़कर वहां जाना पड़ता है। किले के आसपास मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से किले के आसपास पुलिस की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि शाम के समय लोग जोखिम उठाकर किले पर न जाएं और ऐसे हादसों को रोका जा सके।
